Header Ads

Breaking News

Bihar Budget 2023-24: बिहार में 10 लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार, महिलाओं के लिए तोहफा; बजट की बड़ी बातें

 बिहार विधानसभा में वित्त मंत्री विजय चौधरी वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए बजट पेश किया। 2024 में लोकसभा और 2025 में विधानसभा चुनाव को लेकर सरकार ने युवाओं और महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं हुई।



Highlights:

• Bihar Budget 2023-24: 10 लाख युवाओं को रोजगार देगी बिहार सरकार.

• UPSC व BPSC की तैयारी के लिए महिलाओं को मिलेंगे एक लाख और 50 हजार रुपये. 

• Bihar Budget 2023 Live: तलाकशुदा महिलाओं को सरकार देगी 25 हजार रुपये.

वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए बिहार बजट का आकार बढ़ा

इस बजट का आकार 2022-23 में 237651.19 करोड़ रुपये के विरुद्ध इस वर्ष 261885.4 लाख करोड़ रुपये हो गया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में वार्षिक स्कीम का कुल बजट अनुमान लगभग 1 लाख करोड़ रुपये हैं। स्थापना प्रतिबद्ध व्यय का बजट अनुमान भी लगभग एक लाख 61 हजार करोड़ रुपये है- विजय चौधरी।

सभी नगर निकायों में बनेगा सम्राट अशोक भवन

शहरी क्षेत्रों में विभिन्न स्तर के आयोजन के लिए बहु उद्देश्यीय नगर भवन के रुप में सभी नगर निकायों में सम्राट अशोक भवन का निर्माण कराए जाने की योजना है। बस स्टैंड बनाने की भी योजना है। व्यक्तिगत शौचालय से लेकर क्लस्टर शौचालय, शहरी गरीबों के बहुमंजिला मकान, सभी शहरों और महत्वपूर्ण नदी घाटों पर शव दाह गृह मोक्षधाम का निर्माण कराया जा रहा है। 

एथेनॉल यूनिट और LPG बॉटलिंग प्लांट पर सरकार ने किया काम- विजय चौधरी

मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य में एथेनॉल नीति बन गई है। राज्य में 17 एथेनॉल इकाइयां निर्माणाधीन है। बरौनी में 550 सौ करोड़ रुपए के निवेश से पूर्वी भारत के सबसे बड़े एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की स्थापना की गई है। मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में खादी मॉल की स्थापना की जा रही है- विजय चौधरी। 

गयाजी डैम की चर्चा के बिना बजट अधूरी- विजय चौधरी

गयाजी डैम की बजट में चर्चा न करें तो ये अधूरी रह जाएगी। गयाजी डैम की चर्चा करते हुए विजय चौधरी ने कहा कि इस डैम को अनोखा बनते हुए भारत सरकार ने पुरस्कृत किया है। रबर डैम की केंद्र सरकार ने भी तारीफ की। सोंस यानी गंगा डॉल्फिन के संरक्षण के लिए काम किया जा रहा है। बिहार में गंगा डॉल्फिन की संख्या 1,464 है, जो भारत के कुल गंगा डॉल्फिन की संख्या की आधी है। इसमें भी सरकार ने बेहतर काम किया- विजय चौधरी।

राज्य सरकार के प्रयास से बिहार के कृषि धरोहरों को मिली वैश्विक पहचान

बताते हुए खुशी हो रही है कि गुणवत्तापूर्ण उत्पाद के रुप में पहचान बनाने वाली बिहार के कृषि धरोहरों, जैसे कतरनी चावल, जरदालू आम, शाही लीची, मगही पान, मिथिला मखाना को राज्य सरकार के प्रसास से जीआई टैग मिला- विजय चौधरी.


हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

हर खेत तक सिंचाई का पानी एवं स्वच्छ गांव-समृद्ध गांव को कृषि एवं ग्रामीण विकास के रुप में वर्ष 2023-24 के बजट में प्राथमिकता दी गई है। ग्राणीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, किसानों को खुशहाल बनाने और ग्रामीण जीवन को सुविधाजनक और सुगम बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है- विजय चौधरी।

पुलिस और शिक्षक के पदों पर भी बंपर बहाली

विजय चौधरी ने कहा कि 9223 पदों की पुलिसकर्मियों की 75543 पदों की नियुक्ति की स्वीकृति दी गई है। 42000 शिक्षकों की नियुक्ति जा चुकी है। शेष पदों पर नियुक्ति की जा रही है। राज्य में प्राथमिक विद्यालय में प्रधान शिक्षकों के 40546 सृजित पदों की नियुक्तियां होनी हैं। यह प्रक्रिया में है।

10 लाख युवाओं को रोजगार देगी बिहार सरकार

वित्त मंत्री ने कहा कि हमारे बजट में युवा और रोजगार को सबसे प्रथम रखा गया है। युवा शक्ति बिहार की शक्ति है। राज्य में 32 फीसद आबादी युवाओं की है। सरकार की 10 लाख युवाओं को रोजगार देने की योजना है।

तलाकशुदा महिलाओं को सरकार देगी 25 हजार रुपये

वित्त मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण योजना के तहत राज्य सरकार तलाकशुदा अल्पसंख्यक महिलाओं को सहायता राशि के तौर पर पहले 10 हजार रुपये देती थी, जिसे बढ़ाकर अब 25 हजार रुपये कर दिया गया है। 

UPSC व BPSC की तैयारी के लिए महिलाओं को मिलेंगे एक लाख और 50 हजार रुपये

बिहार की महिलाओं के लिए बड़ा एलान करते हुए वित्त मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि नारी शक्ति योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग और बिहार लोक सेवा आयोग के प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाली महिला अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा एवं साक्षात्कार की तैयारी के लिए क्रमशः एक लाख और पचास हचार की राशि दी जाएगी।

जीविका योजना से सशक्त हुई महिलाएं

वित्त मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि जीविका योजना की मदद से महिलाओं में आत्मबल और आत्मसम्मान का संचार हुआ है। सामाजिक स्तर पर महिलाओं की स्थिति सशक्त हो चुकी है। जीविका के अंतर्गत अबतक कुल 10.45 लाख स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। एक करोड़ 30 लाख परिवारों की महिलाओं को इन समूहों से जोड़ा गया है। 62 अस्पतालों में दीदी की रसोई, अनुसूचित जाति/ जनजाति, आवासीय विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में 14 दीदी की रसोई का संचालन जीविका दीदियों द्वारा किया जा रहा है।

नरेंद्र मोदी ने नीतीश सरकार के योजनाओं की तारीफ की- विजय चौधरी

बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक विकास के लिए मुख्यमंत्री का जीविका अभियान पूरे देश में नजीर बन चुका है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधानसभा के परिसर में आकर इन सब योजनाओं की तारीफ कर गए हैं।

बिहार के मिले विशेष राज्य का दर्जा- विजय चौधरी

वित्त मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि कोरोना काल के बाद बिहार में आर्थिक मजबूती का सबूत यह है कि हमारी विकास दर देश में तीसरे नंबर पर है। बेहद कम फासले से दो राज्य बिहार से आगे हैं।बिहार का बजट आकार पिछले 10 वर्षों में तीन गुना बढ़ा है। विकास दर में बिहार राज्य देश में लगातार प्रगति कर रहा है। केंद्र से हमें विशेष राज्य का दर्जा मिलना चाहिए।

बिहार सरकार की नकल करती है भाजपा- वित्त मंत्री 

वित्त मंत्री ने बजट के भाषण के दौरान कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हमारी सरकार की योजनाओं की नकल करती है। उन्होंने कहा कि हर घर बिजली योजना हमने 2016 में शुरू की, मोदी सरकार ने 2017 में उसकी शुरुआत की। फिर हमने जल जीवन हरियाली योजना 2019 में शुरू की। मोदी सरकार ने यहां भी नकल की और हमारी देखा-देखी योजना देशभर में लागू कर दी। 


कांग्रेस ने केंद्र पर लगाया बिहार के साथ सौतेले व्यवहार का आरोप 


बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता अजित शर्मा की अगुआई में पार्टी के सदस्य प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र की भाजपा सरकार बिहार के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। पार्टी ने मनरेगा फंड में कटौती के भी आरोप लगाए हैं।


सदन में भाजपा ने उठाया अपराध का मुद्दा 


बिहार विधानसभा में भाजपा विधायकों ने जंगलराज का मुद्दा उठाया है। नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव कहते हैं बिहार में जनता का राज है, जबकि अपराध बढ़ रहे हैं।भाजपा नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग कर रही है। विजय कुमार सिन्हा ने बिहार सरकार में मंत्री सुरेंद्र यादव के सेना पर टिप्पणी को लेकर निशाने पर लिया और माफी की मांग की। 


हंगामे के साथ बजट सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत 


बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। शुरुआत से ही भाजपा के विधायक सदन में हंगामा कर रहे हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने मंत्री सुरेंद्र यादव और विधायक इसराइल मंसूरी को सदन में घेरा।  


राज्यपाल ने की राज्य सरकार की सराहना 


बिहार विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया। विधानसभा के दोनों सदनों (विधानसभा व विधान परिषद) को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राज्य सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोक कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है। कानून-व्यवस्था और न्याय के साथ राज्य का विकास सरकार का मूल मंत्र है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टालरेंस की नीति पर सरकार कार्य कर रही है। कोरोना संक्रमण के दौरान नीतीश सरकार आम लोगों के साथ रही और उनके लिए बढ़-चढ़कर कार्य किया। राज्य भर में सघन कोरोना जांच कराई। तभी कोरोना पर नियंत्रण पाया जा सका।


बिहार में लोगों की प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी 


आंध्र प्रदेश और राजस्थान ने आर्थिक विकास में बिहार से मामूली बढ़त ली। हालांकि, यह बढ़त दशमलव प्रतिशत में रही। यहीं नहीं, बिहार में सीमित संसाधनों के बाद भी प्रति व्यक्ति आय में भी बड़ी उछाल हासिल की है। 2021-22 में प्रति व्यक्ति आय में 64 सौ रुपये की वृद्धि के बाद प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 54,383 रुपये हो गई है।


आर्थिक विकास में बिहार की गति देश से भी तेज 


बिहार विधानसभा में सोमवार को वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने वर्ष 2022-23 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। यह बिहार का 17वां आर्थिक सर्वेक्षण है। उन्होंने बताया कि आर्थिक विकास के मामले में बिहार ने तमाम राज्यों के साथ ही देश को भी पीछे छोड़ दिया है। 2021-22 में देश की आर्थिक विकास दर जहां 8.68 प्रतिशत थी, वहीं बिहार में आर्थिक विकास की गति 10.98 प्रतिशत रही। 


नीतीश सरकार में  इस साल भी बढ़ा बजट का आकार 


साल 2005 में सत्ता में आने के बाद से ही नीतीश सरकार हर साल बजट का आकार बढ़ाती रही है। इसी पृष्ठभूमि के आधार पर इस बार बजट ढाई लाख करोड़ से अधिक का है। चालू वित्त वर्ष के लिए दो लाख, 61 हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रविधान किया गया ।










No comments