उच्च शिक्षा सह विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर को वित्तरहित शिक्षाकर्मियों ने सौंपा ज्ञापन, समान वेतन और पेंशन की उठाई आवाज
Bihar News : Nawada : बिहार राज्य सम्बद्ध डिग्री महाविद्यालय शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को एस.एन.एस. कॉलेज, वारिसलीगंज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर को अपनी लंबित मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महासंघ के प्रदेश सचिव प्रो. बांके बिहारी शर्मा एवं नवादा जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह ने किया.
ज्ञापन में वित्तरहित महाविद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लिए “समान कार्य के बदले समान वेतन” तथा पेंशन की व्यवस्था लागू करने की मांग की गई. महासंघ ने कहा कि पिछले लगभग 40 वर्षों से हजारों वित्तरहित शिक्षाकर्मी राज्य में उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और उच्च शिक्षा में उनकी लगभग 70 प्रतिशत भागीदारी है, बावजूद इसके उन्हें अब तक वेतन और पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं.
महासंघ के नेताओं ने मंत्री को बताया कि पटना उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय भी अपने निर्णयों में अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को वेतन और पेंशन देने की बात कह चुके हैं. इसके अलावा बिहार विधान परिषद के सदस्यों ने भी वित्तरहित शिक्षाकर्मियों को वेतन एवं पेंशन दिए जाने की अनुशंसा की है.
ज्ञापन सौंपने के दौरान मगध विश्वविद्यालय कमेटी के सचिव प्रो. संजय कुमार पांडे, प्रो. राधेश्याम शर्मा, गया जिलाध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार पांडे, नवादा जिला सचिव प्रो. सुनील कुमार, प्रो. अंजनी कुमार, प्रो. बिहारी बाबू, गोपेश कुमार, मीडिया प्रभारी विकास कुमार सहित महासंघ के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे.

No comments