Header Ads

Breaking News

भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135 वीं जयंती पर धूमधाम से निकली भव्य शोभा यात्रा

Bihar News : Patna: संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जयंती की पूर्व संध्या पर राजधानी पटना में सोमवार को भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई. हाऊसिंग कॉलोनी स्थित जनता फ्लैट परिसर में Police Inspector धर्मेंद्र पासवान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

शोभायात्रा शहर के विभिन्न मुहल्लों से गुजरते हुए मुख्य मार्गों पर निकली, जहां हर और 'जय भीम' और 'बाबा साहेब अमर रहें' जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा. बाबा साहब की प्रतिमा को आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया गया था, जो श्रद्धा और सम्मान का केंद्र बनी रही.

युवाओं की टोली हाथों में नीला झंडा लिए पूरे जोश के साथ नारे लगा रही थी- "जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबा तेरा नाम रहेगा ". शोभायात्रा में शामिल झांकियों के माध्यम से बाबा साहेब के संघर्षमय जीवन और भारतीय संविधान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया. ऊंट और घोड़े की सवारी भी आकर्षण का केंद्र रही. पारंपरिक वाद्य यंत्रों और डीजे की धुन पर युवा झूमते नजर आए.

वहीं महिला बैंड पार्टी की प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही, जिसने अपनी मधुर धुनों से माहौल को और भी भावपूर्ण बना दिया. सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बाबा साहेब के बताए मार्ग- शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो पर चलने का आह्वान किया और इसे समाज के उत्थान का मूल मंत्र बताया.

इस अवसर पर वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र की MLA अनीता कुमारी, Ex MLA प्रदीप कुमार, RJD नेता अशोक महतो, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, Ex MP संजय पासवान, अमर आजाद, अनामिका पासवान, नीलम देवी, लालदेव पासवान और पूर्व मुखिया अशोक पासवान सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की. 

कार्यक्रम में अतिथियों को आयोजक धर्मेंद्र पासवान द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. साथ ही, आयोजित मेडिकल कैंप में सैकड़ों लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण किया गया.

कार्यक्रम के अंत में आयोजक धर्मेंद्र पासवान ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए संविधान की रक्षा और बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया.


       Video देखें :      


                 -- चंद्रमौलि शर्मा / संतोष कुमार.

No comments