Bihar News : Nawada : नवादा जिले का वारिसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र पूरी तरह तकनीक की निगरानी में आ चुका है. शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए नगर परिषद द्वारा 40 महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं. इसके साथ ही स्थानीय थाना में एक आधुनिक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां से इन कैमरों के जरिए शहर की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.
इस नई व्यवस्था के लागू होने से बाजार, चौक-चौराहे, मुख्य सड़कों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अब हर गतिविधि रिकॉर्ड हो रही है. इससे जहां एक ओर असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना है, वहीं आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ा है. थाना परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम में पुलिसकर्मी 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं. इसकी कमान थानाध्यक्ष के पास है.
इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की जानकारी तुरंत मिल जाती है, जिससे पुलिस त्वरित कार्रवाई करने में सक्षम हो रही है. इससे चोरी, छिनतई, सड़क हादसे और अन्य आपराधिक घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है. नगर परिषद के इस कदम की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है. लोगों का कहना है कि यह पहल न सिर्फ अपराध नियंत्रण में मददगार साबित होगी, बल्कि शहर को स्मार्ट और सुरक्षित बनाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है.
प्रशासन का मानना है कि आने वाले समय में और भी स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे पूरे नगर क्षेत्र को पूर्ण रूप से निगरानी में लाया जा सके. यह पहल निश्चित रूप से एक सकारात्मक बदलाव की ओर इशारा करती है, जहां तकनीक के माध्यम से आम जनजीवन को सुरक्षित और बेहतर बनाया जा रहा है.
थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने बताया कि "CCTV कैमरों के माध्यम से पूरे शहर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. इससे अपराधियों की पहचान आसान होगी और घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी. यह कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने में सहायक साबित होगी.”
वहीं नगर परिषद कार्यपालक अधिकारी समीर चौधरी ने कहा की “शहरवासियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. आने वाले समय में और भी जगहों को इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा, ताकि वारिसलीगंज को एक सुरक्षित और स्मार्ट नगर बनाया जा सके.” नगर परिषद के इस कदम की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है.
नवादा जिला JDU महासचिव अधिवक्ता चंद्रमौलि शर्मा ने इस सराहनीय कदम के लिए स्थानीय नगर परिषद प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह पहल न सिर्फ अपराध नियंत्रण में मददगार साबित होगी बल्कि शहर को आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा.
-- चंद्रमौलि शर्मा/ संतोष कुमार.
अपराध पर नकेल कसने के लिए वारिसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र में लगा 40 CCTV, थाना में बना नियंत्रण कक्ष
Reviewed by News today 365
on
April 11, 2026
Rating: 5
No comments