Header Ads

Breaking News

Nawada में लूटी गई एक मोटरसाइकिल के साथ पांच अंतरजिला वाहन लुटेरे को पुलिस ने धर दबोचा, अपराधियों के पास से छह मोबाइल बरामद

 


नवादा जिले के Kauakol (कौआकोल) थाना क्षेत्र अंतर्गत कदहर-चंद्रदीप पथ पर महापुर मोड़ घोघरापर के पास 4 जुलाई की देर शाम अज्ञात अपराधियों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट कर लूटी गई मोटरसाइकिल को पुलिस ने बरामद कर ली है. वहीं पुलिस घटना में शामिल पांच अंतरजिला अपराधियों को भी उसके पास रहे छह मोबाइल के साथ गिरफ्तार करने में सफल रही.

 कौआकोल थाना में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए पकरीबरावां के एसडीपीओ महेश चौधरी ने बताया कि 4 जुलाई की रात्रि छबैल गांव निवासी सुरेन्द्र सिंह के पुत्र शुभम कुमार चिहुटिया गांव से अपने दुकान को बंद कर अपाची बाइक से घर छबैल लौट रहे थे. तभी महापुर मोड़ के पास अज्ञात अपराधियों द्वारा वाहन को रोककर युवक के साथ मारपीट कर अपाची बाइक, मोबाइल तथा नगदी लूट लिया. 

इस घटना को लेकर कौआकोल थाना में पीड़ित व्यक्ति द्वारा कांड संख्या-404/23 के तहत मामला दर्ज कराया गया. घटना को एसपी अम्बरीष राहुल ने काफी गंभीरता से लेते हुए तत्काल पकरीबरावां एसडीपीओ के नेतृत्व में कौआकोल थानाध्यक्ष एवं डीआईयू के साथ एसआईटी टीम का गठन किया गया. टीम ने वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान प्रारंभ किया. 

अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने सबसे पहले कौआकोल थाना क्षेत्र के डोमनबाग गांव निवासी केदार यादव के पुत्र नीतीश कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया जिन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य छह अपराधियों के नाम का खुलासा किया.

 नीतीश कुमार की स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर शेखपुरा जिले के कसार थाना अंतर्गत वरनी गांव निवासी महावीर प्रसाद यादव के पुत्र संजय कुमार को उसके ससुराल पकरीबरावां थाना क्षेत्र के कोयरिया बिगहा से लूटी गई बाइक के साथ मौके पर गिरफ्तार किया गया. 

इसके बाद उक्त दोनों अपराधियों की निशानदेही पर इस घटना में शामिल कौआकोल थाना क्षेत्र के करहरा गांव निवासी मदन प्रसाद के पुत्र मंजीत कुमार, विशनपुर गांव निवासी संजय यादव के पुत्र धर्मवीर कुमार तथा कादिरगंज ओपी क्षेत्र के हरला गांव निवासी रामस्वरूप महतो के पुत्र आकाश कुमार महतो को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया गया. सभी अपराधियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. 

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार पांचों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. जबकि घटना में शामिल दो अन्य अपराधी के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. 

एसडीपीओ ने कहा कि लूट की इस वारदात को पुलिस बहुत कम समय में सफल उद्भेदन करने में सफल रही है. गिरफ्तार अपराधियों का पुलिस आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ के अलावा कौआकोल थानाध्यक्ष राजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष शाहनवाज ईमाम तथा एएसआई कुमार गौरव आदि उपस्थित रहे.

No comments