केंद्रीय बजट से बिहार समेत पूरे देश में आयेगी खुशहाली, हर क्षेत्र और वर्ग की होगी तरक्की - चंद्रमौलि
Nawada जिला भाजपा मीडिया प्रभारी अधिवक्ता चंद्रमौलि शर्मा ने केन्द्र की Narendra Modi सरकार तथा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस अमृत काल का अमृत बजट पेश करने पर हार्दिक बधाई दी है.
उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा बिहार को विशेष रूप से 59 हजार करोड़ रुपए आर्थिक पैकेज प्रदान किया गया. बिहार को सड़क, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज और बिजनेस कॉरिडोर का तोहफा, भागलपुर के पीरपैंती में पावर प्लांट तथा सड़क - संपर्क परियोजनाओं के लिए 26 हजार करोड़ रुपये देने का एलान किया गया.
उन्होंने कहा कि इससे पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस वे तथा बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेस वे का विकास होगा. बोधगया, राजगीर, नालंदा, वैशाली और दरभंगा सड़क - संपर्क परियोजनाओं का भी विकास होगा. बक्सर में गंगा नदी पर दो लेन वाला एक अतिरिक्त पुल बनाने में भी मदद होगी. बिहार में 21 हजार 400 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत परियोजनाएं शुरू की जाएंगी. इसमें पिरपैंती में 2400 मेगावॉट के एक नए संयंत्र की स्थापना भी शामिल है.
इसके अलावा काशी विश्वनाथ की तर्ज पर गया के श्री विष्णुपद मंदिर, बोधगया के महाबोधि मंदिर, अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल राजगीर तथा नालंदा को विकसित करने तथा गया में औद्योगिक हब बनाने का एलान किया गया. वित्तमंत्री ने बिहार को सिचाई परियोजना के लिए भी 11 हजार 500 करोड़ देने की घोषणा की.
श्री शर्मा ने कहा कि इस अमृत बजट से बिहार सहित देश की जनता में खुशी का माहौल है. गांव, गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, विद्यार्थी, बेरोजगार, व्यवसाई तथा समाज के हर तबके के लोगों के लिए खुशहाली लेकर आई है.
भाजपा नेता प्रमोद कुमार चुन्नू, सामाजिक कार्यकर्ता तथा उपेक्षित मंच के विजय कुमार राय, रणविजय कुमार,अजय कुमार राय, नप उपाध्यक्ष अरुण कुमार, पूर्व प्रखंड प्रमुख नरेश पासवान आदि ने देश और खासकर बिहार की खुशहाली वाला बजट पेश करने पर केंद्र की NDA सरकार के मुखिया नरेंद्र मोदी को बधाई दी है.
साथ ही, इस प्रयास के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोजपा ( रामविलास ) सुप्रीमो चिराग पासवान, हम के संरक्षक जीतन राम मांझी तथा रालोजपा अध्यक्ष पशुपति पारस को बधाई देते हुए बिहार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए मिल जुल कर काम करने का आग्रह किया है.


No comments