आत्मज्ञान से ही फैलेगा जीवन में प्रकाश - MLC नवल किशोर यादव, संत टेरेसा इंग्लिश हाईस्कूल का 16 वां वार्षिकोत्सव संपन्न
Bihar News : Nawada : पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव ने कहा कि बच्चों को शैक्षणिक माहौल में तराशने के लिए किताबी ज्ञान के अलावा सांसारिक आध्यात्मिकता से उपजे आत्मज्ञान की भी जरूरत है. यही ज्ञान जीवन में अज्ञानता रूपी प्रकाश को दूर कर युवाओं को लक्ष्य तक पहुंचने में सहायक सिद्ध होता है. वे रविवार को वारसलीगंज शहर के खरांट रोड स्थित संत टेरेसा इंग्लिश हाईस्कूल के 16 वें वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बोल रहे थे.
उन्होंने कहा कि मेघा गांवों में बसती है और गांव से ही छात्र रूपी हीरे को तराश कर शिक्षक उसे कोहिनूर बनाते हैं. ये शिक्षक सृजनहार भी है और राष्ट्र निर्माता भी. देश और समाज में इनसे बढ़कर दूसरा कोई पथ प्रदर्शक नहीं है. संत टेरेसा पब्लिक स्कूल के स्काउट एंड गाइड टीम द्वारा पारंपरिक अगवानी कार्यक्रम से अभिभूत बिहार विधान परिषद में प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर नवल ने कहा कि बच्चों की पारंपरिक लोक नृत्य और अनुशासन के साथ अभिभावकों की शत प्रतिशत उपस्थिति यह बयां कर रही है कि विद्यालय के शिक्षक और प्राचार्य ने अपने कर्तव्यों और संकल्पों को नई ऊंचाई दी है.
MLC ने रविकांत पुनम बीएड कॉलेज के निर्देशक डॉ. अजय कुमार रविकांत की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी व्यस्ततम आज के कार्यक्रम के बाद भी किस प्रकार से अजय जी ने समय निकालकर उन्हें यहां उपस्थित करवा दिया. यह उनके शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विद्यालय के विकास में कदम से कदम मिलाकर सहयोग करते रहेंगे. संत टेरेसा पब्लिक स्कूल के फाउंडर सदस्य मगही कवि नागेंद्र शर्मा बंधु ने विद्यालय के शुरुआती समय से अब तक आए कई उतार-चढ़ाव की चर्चा करते हुए प्राचार्य अनूप थॉमस को धन्यवाद देकर यह भरोसा दिलाया कि आगे भी वे विद्यालय हित में कार्य करते रहेंगे.
इससे पूर्व आकर्षक परिधानों में छात्र-छात्राओं ने दक्षिण भारत पर आधारित लोक नृत्य का मंचन कर उपस्थित अभिभावकों एवं गणमान्यों का दिल जीत लिया. इस अवसर जदयू नेता डॉ. अजय कुमार रविकांत, थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, अमूल्या हर्ब्स के शैलेंद्र कुमार, शिक्षक मेलविन सहित सैकड़ो छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित थे. विद्यालय के प्राचार्य अनूप थॉमस ने एमएलसी प्रोफेसर नवल किशोर यादव, मगही कवि नागेंद्र शर्मा बंधु, वारिसलीगंज थाना अध्यक्ष पंकज कुमार सैनी एवं अन्य को अंग वस्त्र के साथ विद्यालय के 16 वें वार्षिकोत्सव का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया.
-- चंद्रमौलि शर्मा.






No comments