Ayodhya में 22 जनवरी 2024 को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शुभ उद्घाटन तथा श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के ऐतिहासिक पल का गवाह बनने को उत्सुक हैं लोग
"दीनदयाल दीवाली फिर से, घर घर सभी मनाएंगे,
पूर्ण हुआ वनवास राम का, गीत खुशी के गाएंगे.
समय लौटकर नहीं आता है, इतनी याद दिलाने को,
मंदिर में है प्राण प्रतिष्ठा न्यौता सबका आने को.
भेज रहे हैं पीले चावल घर-घर अलख जगाने को."
"श्रीराम जय राम जय जय राम, संकट मोचन कृपानिधान, राम के दुलरुआ वीर हनुमान, मैया सीता के दुलारुआ वीर हनुमान"
पूस की कड़ाके की ठंढ में घने कोहरे लपेटे रविवार की सुबह ढोलक झाल की थाप पर रामभक्तों की टोली जब उक्त भजन कीर्तन करते हुए अयोध्या से आए पूजित अक्षत तथा आमंत्रण पत्र घर घर जाकर दे रहे थे तो अपने अपने घरों से निकल हर कोई श्रीराम धुन पर भाव विभोर होकर नाच गा रहा था. चाहे वह औरत, मर्द, बच्चा, बूढ़ा, जवान ही क्यों न हो.
हर कोई 22 जनवरी को विश्व के करोड़ों हिंदुओं और राष्ट्रभक्तों के दिलों में बसने वाले मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जन्मस्थली अयोध्या में दोपहर 11 से 1 बजे तक श्रीरामलला के होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह को अपने गांव के मंदिरों में सामूहिक रूप से टीवी पर देखकर ऐतिहासिक पल का गवाह बनने को उत्सुक था.
वहीं, 22 जनवरी को अपने घरों के द्वार पर रंगोली बनाकर, दीप जलाकर, रंगीन झालर लगाकर, वंदनवार बनाकर, गेट बनाकर, बैनर टांग कर प्रभु श्रीराम के आगमन को यादगार बनाने तथा इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने को हर कोई तैयार दिखा.
22 जनवरी को मंदिरों में भजन कीर्तन करने, जागरण का आयोजन करने, रात में दीपावली मनाने के लिए घर घर दीप जलाने, कैंडल जलाने, पटाखा फाड़ने से लेकर पुआ पकवान का भगवान श्रीराम को भोग लगाकर इस दिन को यादगार बनाने को हर नर नारी उत्साहित था.
500 वर्षों का संघर्ष, 77 धर्मयुद्ध, लाखों श्रीराम भक्तों का बलिदान, सैकड़ों वर्षों की अदालती लड़ाई तथा श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के बाद वनवास काटकर अयोध्या में लौट रहे प्रभु श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा और पावन श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी के हाथों पूज्य धर्माचार्यों तथा राष्ट्रभक्तों की उपस्थिति में शुभ उद्घाटन के हरेक क्षण को अपनी आंखों से देखने को हर कोई इंतजार करता दिखा.
1 जनवरी से 15 जनवरी तक अयोध्या धाम से आए पूजित अक्षत, आमंत्रण पत्रक तथा प्रभु श्रीराम की तस्वीर को पाकर जहां लोग अपने को धन्य मानते दिखे वहीं अभियान में शामिल टोली के लोग भी अपने जीवन को सार्थक मान रहे थे.
15 से 22 जनवरी तक मंदिरों की सफाई के लिए सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाकर इसे चकाचक करने की कोई योजना बनाते दिखे तो कोई जन प्रतिनिधियों के सहयोग से इस काम को पूरा करने की सोच रहे थे.
फिर 25 जनवरी से 25 मार्च तक श्रीराम भक्तों को ट्रेन के माध्यम से अयोध्या दर्शन कराने के लिए बनाई जा रहीं सूची में अपना नाम जोड़वाने के लिए लोग प्रयासरत दिखे. यानि अपवाद या मजबूरी को छोड़कर हर कोई प्रभु श्रीराम से अपने को कनेक्ट करने को उतावला दिखा.
जी हां ! यह कोई कल्पना नहीं, बल्कि हकीकत बयां है. मौका था रविवार को नवादा जिले के वारिसलीगंज नगर पंचायत अंतर्गत सिमरी गांव में अयोध्या से आए पूजित अक्षत तथा आमंत्रण पत्रक वितरण कर 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को यादगार बनाने के लिए निमंत्रण देने का.
सर्वप्रथम सिमरी गांव के अधिवक्ता रविभूषण सिंह पप्पू की पत्नी माथे पर अक्षत कलश लेकर जब घर से निकली तो बाहर वारिसलीगंज की विधायक अरुणा देवी के नेतृत्व में सैंकड़ों श्रीराम भक्तों के जय श्रीराम के जयकारा से समूचा वातावरण राममय हो गया.भजन कीर्तन करते हुए सैंकड़ों नर नारी वारिसलीगंज बायपास के सिमरी मोड़ स्थित हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना के बाद पुनः महारानी मंदिर तथा शिवमन्दिर में पूजा अर्चना की. इसके साथ ही पीला अक्षत और आमंत्रण देने का सिलसिला प्रारंभ हो गया.
विधायक अरुणा देवी, जनसंघ काल के वयोवृद्ध भाजपा नेता पंडित बिन्दा झा, भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अधिवक्ता चंद्रमौली शर्मा, संघ के जिला समरसता प्रमुख शिक्षक विजय कुमार राय, अधिवक्ता रविभूषण सिंह पप्पू, अपसढ़ के उप सरपंच रामबरन सिंह, संघ के सह जिला संघचालक डा. रणजीत कुमार, भाजपा नेता संजय कुमार मंगल, नगर भाजपा अध्यक्ष सुमन कुमार, उदय प्रसाद सिंह, नप के वार्ड संख्या 1 पार्षद रौशन कुमार, बाल्मिकी झा, प्रमोद झा सहित सैकड़ों श्रीराम भक्त नर नारी श्रीराम जय राम जय जय राम का संकीर्तन करते हुए समूचे गांव में घर घर जाकर 22 जनवरी का आमंत्रण दिया. ग्रामीणों ने उसे पूर्ण श्रद्धा भक्ति के साथ उत्साह पूर्वक स्वीकार किया.
अभियान गीत :
भेज रहे हैं पीले चावल , घर घर अलख जगाने को।
मन्दिर में है प्राण प्रतिष्ठा , न्यौता सबका आने को।
यह चौबीस साल जीवन में , खुशियाँ लेकर आया है।
जन जन के भगवान राम ने , अब अपना घर पाया है।
अब तक था तिरपाल शीश पर , उससे मुक्ति दिलाने को।
मन्दिर में है प्राण प्रतिष्ठा , न्यौता सबका आने को।............1
जन्मभूमि राघव की प्यारी , पर यवनों का डेरा था।
मन्दिर भव्य जहाँ पहले था , जिस पर पानी फेरा था।
तोड़ उसे बाबरी बनायी , ताकत हमें दिखाने को।
मन्दिर में है प्राण प्रतिष्ठा, न्यौता सबका आने को.............2
गये पाँच सौ साल हजारों , भक्तों ने बलिदान दिया।
मन्दिर भव्य बनेगा फिर से , प्रभु का यह आह्वान किया।
आज उन्हीं भक्तों को मिलकर , श्रद्धा सुमन चढ़ाने को।
मन्दिर में है प्राण प्रतिष्ठा , न्यौता सबका आने को............3
दीनदयाल दिवाली फिर से , घर घर सभी मनायेंगे।
पूर्ण हुआ वनवास राम का , गीत खुशी के गायेंगे।
समय लौटकर नहीं आता है , इतनी याद दिलाने को।
मन्दिर में है प्राण प्रतिष्ठा , न्यौता सबका आने को..............4
भेज रहे हैं पीले चावल(अक्षत) ,घर घर अलख जगाने को।
मन्दिर में है प्राण प्रतिष्ठा , न्यौता सबका आने को।
*जय श्रीराम*














No comments