Header Ads

Breaking News

एस.एन.सिन्हा कॉलेज, वारिसलीगंज में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


Bihar News : Nawada : नवादा जिले के एस.एन सिन्हा कॉलेज, वारिसलीगंज में मंगलवार को आयोजित साइबर स्मार्ट मंगलवार अभियान के तहत DM रवि प्रकाश एवं SP अभिनव धीमान ने साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया.

जिला पदाधिकारी ने कहा कि साइबर अपराध भी चोरी, ठगी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की तरह एक गंभीर अपराध है. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लोग अपने घर एवं संपत्ति की सुरक्षा के प्रति सजग रहते हैं, उसी प्रकार डिजिटल दुनिया में भी सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को Cyber crimes के दुष्परिणामों के बारे में अवश्य बताएं तथा उन्हें सुरक्षित इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के उपयोग के लिए प्रेरित करें.

उन्होंने कहा कि बच्चों को यह समझाना आवश्यक है कि वे किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी अथवा अवैध डिजिटल गतिविधियों से दूर रहें. यदि किसी व्यक्ति के बारे में साइबर अपराध में संलिप्त होने की जानकारी मिलती है या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो उससे दूरी बनाएं तथा इसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें.

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी या साइबर अपराध की घटना होती है, तो घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं. समय पर सूचना मिलने से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सकती है तथा कई मामलों में ठगी गई राशि को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ जाती है.

कार्यक्रम के दौरान साइबर डीएसपी द्वारा पीपीटी के माध्यम से साइबर अपराध के लगभग 20 प्रमुख तरीकों की जानकारी दी गई. उन्होंने फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी कस्टमर केयर, सोशल मीडिया हैकिंग, क्यूआर कोड स्कैम, निवेश के नाम पर ठगी, जॉब फ्रॉड सहित विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों एवं उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम पिन एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की सूचना तत्काल पुलिस को दें.

इसके साथ ही साइबर स्मार्ट मंगलवार अभियान अंतर्गत आज नवादा जिले के सभी मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था. इस अवसर पर कॉलेज की छात्र-छात्राओं के साथ - साथ अभिभावकगण, मीडिया प्रतिनिधिगण आदि मौजूद थे.


                                           - चंद्रमौलि शर्मा.

No comments