Bihar News : Nawada : नवादा जिले के विवेकानन्द पब्लिक स्कूल, वारिसलीगंज में मंगलवार को एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर NEET UG 2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR)-4 प्राप्त करने वाले आयुष भालोटिया तथा राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (RIMC), देहरादून में चयनित शिखा राय को विद्यालय परिवार द्वारा सम्मानित किया गया. दोनों विद्यार्थियों के माता-पिता भी समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहे. आयुष भालोटिया के NEET UG 2026 में AIR-4 प्राप्त करने की उपलब्धि राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय रही है.
समारोह के दौरान विद्यालय के प्राचार्य परमानन्द एवं निदेशक शीतल कुमारी ने दोनों मेधावी विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर उनकी शानदार सफलता पर शुभकामनाएँ दीं. समारोह का वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंज उठा.
इस अवसर पर आयुष भालोटिया एवं शिखा राय ने कक्षा-10 के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपनी सफलता के अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास ही सफलता की वास्तविक कुंजी है. उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल और अन्य अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाकर अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित करने की अपील की.
अपने संबोधन में प्राचार्य परमानन्द ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसके माता-पिता का सबसे बड़ा योगदान होता है. उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग, अनुशासन और शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलकर विद्यार्थियों को ऊँचाइयों तक पहुँचाते हैं. उन्होंने सभी विद्यार्थियों से इन मेधावी छात्रों से प्रेरणा लेकर कठिन परिश्रम करने का आह्वान किया.
समारोह में दोनों विद्यार्थियों के माता-पिता ने भी विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा दिया गया संस्कार, अनुशासित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
मौके पर विद्यालय के शिक्षक सीताराम कुमार, राजेश कुमार, सतीश कुमार, विनोद कुमार विनीत, हरेराम, तरुण कुमार, उत्तम कुमार, संजय कुमार शास्त्री एवं सोनू कुमार सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे. सभी ने दोनों मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं.
यह सम्मान समारोह विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और उपस्थित छात्रों ने दोनों उपलब्धियों से प्रेरित होकर अपने लक्ष्य की ओर पूरे मनोयोग से आगे बढ़ने का संकल्प लिया.
- चंद्रमौलि शर्मा.
विवेकानन्द पब्लिक स्कूल, वारिसलीगंज में आयुष भालोटिया व शिखा राय का हुआ भव्य सम्मान समारोह
Reviewed by News today 365
on
July 21, 2026
Rating: 5
No comments