Header Ads

Breaking News

ऑनलाइन लोन के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा खेल बेनकाब, 5 साइबर अपराधी गिरफ्तार

Bihar News : Nawada : Cyber अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वारिसलीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मीरचक चमरटोली के पास छापेमारी कर पांच कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 8 एंड्रॉयड मोबाइल एवं 2 फर्जी सिम बरामद किए हैं.

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को साइबर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक, नवादा के निर्देश पर वारिसलीगंज थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने मीरचक चमरटोली के समीप छापेमारी की, जहां से पांच लोगों को साइबर ठगी के कथित नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप में पकड़ा गया.

फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बनकर करते थे फोन :

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस एवं अन्य कंपनियों के नाम पर ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. इसके लिए कस्टमर डाटा एवं फेसबुक से मोबाइल नंबर प्राप्त कर लोगों को फोन किया जाता था.

ग्राहकों का विश्वास जीतने के लिए कभी बैंक मैनेजर तो कभी कंपनी के अन्य कर्मचारी बनकर बातचीत की जाती थी. ग्राहक के झांसे में आने के बाद उससे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो एवं ई-मेल आईडी जैसी निजी जानकारी मांगी जाती थी. इसके बाद लोन की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस की मांग कर कथित रूप से ठगी की जाती थी.

इन पांच आरोपियों की हुई गिरफ्तारी :

पुलिस ने मामले में मीरचक चमरटोली निवासी निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है :

योगेन्द्र दास (26 वर्ष), पिता केदार रविदास,

गौतम कुमार (20 वर्ष), पिता अरविन्द रविदास,

टुनटुन रविदास (26 वर्ष), पिता राजेन्द्र रविदास,

प्रकाश दास (32 वर्ष), पिता काली रविदास,

धर्मेन्द्र रविदास (30 वर्ष), पिता नरेश रविदास

सभी आरोपी वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मीरचक चमरटोली के निवासी बताए गए हैं.

8 मोबाइल और 2 फर्जी सिम बरामद :

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2 फर्जी सिम बरामद किए हैं. बरामद सामान को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.

इस संबंध में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 641/26, दिनांक 07.09.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है.

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई : 

छापेमारी दल में पु०नि० सह थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, पु०अ०नि० रमेश कुमार, पु०अ०नि० सुशील कुमार, परिवीक्षाधीन पु०अ०नि० मनोज कुमार राय एवं पु०स०अ०नि० पप्पू कुमार सहित वारिसलीगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे.

                                                  - चंद्रमौलि शर्मा. 

No comments