विवेकानंद पब्लिक स्कूल में Quiz Contest 2026 का द्वितीय चरण सफलतापूर्वक आयोजित
Bihar News : Nawada : नवादा जिले के विवेकानंद पब्लिक स्कूल, वारिसलीगंज में विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, सामान्य ज्ञान, तार्किक सोच एवं विषयगत दक्षता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित क्विज़ कॉन्टेस्ट–2026 का द्वितीय चरण 10 जुलाई 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
यह प्रतियोगिता तीन चरणों में होनी थी जिसमें प्रथम चरण का आयोजन 25 जून 2026 को आधुनिक LED पैनल आधारित डिजिटल प्रश्न प्रणाली तथा OMR उत्तर-पत्र के माध्यम से किया गया, जिससे प्रतियोगिता पूर्णतः पारदर्शी एवं व्यवस्थित रही. प्रश्न सामान्य ज्ञान के साथ-साथ हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान तथा कंप्यूटर विषयों से पूछे गए. विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.
प्रथम चरण के परिणाम के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन द्वितीय चरण के लिए किया गया. चयनित विद्यार्थियों के बीच कड़ी एवं रोचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. विद्यालय प्रबंधन ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता, टीम भावना तथा प्रतिस्पर्धात्मक सोच का विकास करती हैं.
द्वितीय चरण के परिणाम के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन फाइनल राउंड के लिए किया गया जिसमे समूह-अ से प्रथम-श्रेयश कुमार वर्ग-चार, द्वितीय-गीतांजलि सिंह वर्ग-चार एवं तृतीय-अदिति रानी वर्ग-तीन वहीँ समूह-ब से प्रथम आयंश भूषण वर्ग-छः एवं वीर आदित्या वर्ग छः, द्वितीय अभिनव कुमार वर्ग छः एवं तृतीय आयुष कुमार वर्ग छः थे. जबकि समूह-स से प्रथम इशान भूषण वर्ग-नौ, द्वितीय हर्ष राज वर्ग-नौ, एवं तृतीय रोहित राज वर्ग-नौ थे.
विद्यालय की निदेशक शीतल कुमारी एवं प्राचार्य परमानन्द ने सभी चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मैडल से सम्मानित किया जायेगा..उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक घटनाओं की जानकारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं आयोजन समिति का सराहनीय योगदान रहा.
- चंद्रमौलि शर्मा.




No comments