नीलम देवी की तीसरी पुण्यतिथि पर मंत्री श्रवण कुमार ने किया भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण, ग्रामीणों में भारी उत्साह
Bihar News : Nawada : नवादा जिलांतर्गत वारिसलीगंज प्रखंड की चकवाय पंचायत के मुखिया मिथुन कुमार की माता स्वर्गीय नीलम देवी की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला. इस अवसर पर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने चकवाय गांव के नवनिर्मित मुख्य प्रवेश द्वार का फीता काटकर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर विधिवत लोकार्पण किया.
मंत्री के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ गई. मुख्य मार्ग पर दो जेसीबी मशीनों के माध्यम से पुष्पवर्षा कर मंत्री का भव्य एवं जोरदार स्वागत किया गया. फूलों की बारिश के बीच मंत्री का काफिला कार्यक्रम स्थल पहुंचा. इस दौरान तालियों की गड़गड़ाहट और स्वागत नारों से पूरा गांव गूंज उठा. ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ मंत्री का अभिनंदन किया.
लोकार्पण के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने स्वर्गीय नीलम देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि माता-पिता और पूर्वजों की स्मृतियों को सहेजना भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है. उनके आदर्शों और संस्कारों को अपनाते हुए समाज के विकास एवं जनकल्याण के लिए कार्य करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है.
मंत्री ने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और एकता बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि गांव के विकास में आम लोगों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण होती है. सभी के सहयोग और सामूहिक प्रयास से ही गांव एवं पंचायत का समग्र विकास संभव है.
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है. सड़कों के निर्माण, आधारभूत संरचनाओं के विस्तार और जनसुविधाओं में वृद्धि से गांवों की तस्वीर तेजी से बदल रही है. सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है.
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास योजनाओं को पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ धरातल पर उतारने का आह्वान किया. कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं.
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, उपमुखिया राजेश कुमार, जदयू नवादा जिलाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद दांगी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश विद्यार्थी, बाघी बरडीहा पंचायत के मुखिया सोनू कुमार, वारिसलीगंज विधानसभा बीस सूत्री उपाध्यक्ष अजय कुमार राय, पंचायत समिति सदस्य राहुल सिंह, पप्पू चौधरी, सरपंच राजनीति सिंह, कृष्णा सिंह, राकेश सिंह,
चमन कुमार, विपिन कुमार, ऋषि, पंकज महतो, संटू, पिंटू तथा शेखपुरा के पूर्व जिलाध्यक्ष अर्जुन प्रसाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान लोगों ने स्वर्गीय नीलम देवी के व्यक्तित्व एवं सामाजिक मूल्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया.
- चंद्रमौलि शर्मा.




No comments