अग्निदेव ने मचाया तांडव , 8 एकड़ में लगी गेहूं की फसल जलकर खाक
25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान , सरकार से पीड़ित किसानों को मुआबजा देने की मांग
नवादा जिले के वारिसलीगंज नगर परिषद अंतर्गत चिरैया गांव में गुरुवार की दोपहर हाई वोल्टेज तार से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल पल भर में जलकर राख हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के लगभग 15 किसानों के 8 एकड़ में लगभग कटाई योग्य हो चुकी गेहूं की तैयार फसल बिजली की तार से निकली चिंगारी के कारण सुलग गई और देखते ही देखते भीषण आग पकड़ ली। ग्रामीणों ने अगलगी की खबर स्थानीय प्रशासन को दी। दममल जबतक पहुंचा तबतक आठ एकड़ खेत में लगी गेंहू की फसल जलकर राख हो गयी।
बिजली का कनेक्शन काटकर आग को बुझाने का प्रयास भी किया गया परंतु जो नुकसान होना था वो तो हो ही गया। करीब 25 लाख रुपये मूल्य के गेंहूं के जलने के अनुमान है।
पीड़ित किसानों में चिरैया गांव के संजय रविदास , मिश्री रविदास , राजू रविदास , बिन्दु पंडित , किशोरी मिस्त्री , चंदन कुमार , बलराम सिंह , विजय सिंह , रामबचन सिंह , मनोज सिंह , कृष्णा सिंह , पंकज सिंह , राजेन्द्र सिंह , अजय पंडित आदि शामिल हैं।
पीड़ित महादलित किसान संजय रविदास ने कहा कि जीवन यापन के लिए लगाई गेहूं की फसल उसके परिवार के सालों भर के भोजन का एकमात्र जरिया था और इसके जल जाने से परिवार के सामने भुखमरी की स्थिति आ जाएगी।
दमकल खेतों में फैली आग के अन्य किसानों के फसल तक पहुंचने से रोकने में सफल रहा। पीड़ित किसानों ने बिहार सरकार से तत्काल क्षतिपूर्ति राशि देने की मांग की है।

















No comments