Header Ads

Breaking News

गांजा की तस्करी में लिप्त चार बदमाशों को 237 किलो गांजा, ट्रक, कार, दो मोबाइल तथा 20 हजार रुपए सहित पुलिस ने किया गिरफ्तार


Nawada नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त 4 बदमाशों काे गिरफ्तार किया है. 237 किलो गांजा सहित एक ट्रक, एक चारपहिया वाहन, 20 हजार रुपये नकद, 2 मोबाइल फोन की बरामदगी की गई है. गिरफ्तार सभी तस्करों को आवश्यक पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार तस्करों में दो सहोदर भाई शामिल हैं.

नवादा पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि 23/24 अप्रैल की रात नगर थाना की पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक से गांजा की बड़ी खेप नवादा के रास्ते गया ले जाया जा रहा है. सूचना के आलोक में नगर थाना की पुलिस ने नगर के शोभिया कृषि फार्म के पास से एक ट्रक को जब्त किया.

गिट्टी लदे ट्रक की तलाशी में पुलिस को चालक के सीट के पीछे बने तहखाना से एक-एक किलो के 61 पैकेट में कुल 61 किलोग्राम गांजा मिला. ट्रक को जब्त कर चालक सुबेाध पासवान को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया. 

पूछताछ में चालक ने धंधे में शामिल लोगों के नाम बताए. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कार्तिकेय शर्मा ने एसडीपीओ सदर अनोज  कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर अन्य धंधेबाजों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए. 

तत्पश्चात पुलिस ने जाल बिछाया और नवादा बाइपास से तस्करी का मुख्य सरगना अकबरपुर थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी सहोदर भाईयों राकेश कुमार तथा रौशन कुमार दोनों पिता शशिभूषण शर्मा को गिरफ्तार किया. दोनों क्रेटा कार बीआर 01एच क्यू 5263 में सवार थे.

कार को जब्त किया गया. इन लोगों के पास से 20 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल की जब्ती की गई. इन दोनों के अलावा गाेविंदपुर थाना इलाके के बघौर गांव निवासी रविरंजन कुमार पिता मिथिलेश सिंह को हिसुआ से गिरफ्तार किया गया.

पूछताछ में राकेश ने बताया कि पूर्व में जब्त ट्रक संख्या बीआर 01 जी. इ. 5638 में एक और तहखाना है जिसमें गांजा का और पैकेट है. पुलिस ने उसकी निशादेही पर जांच पड़ताल की तो 176 पैकेट गांजा की बरामदगी हुई. इस प्रकार कुल 237 पैकेट में से 237 किलोग्राम गांजा की बरामदगी हुई. 

राकेश ने बताया कि वह पिछले 6-7 महीने से इस धंधे में लिप्त था. उड़ीसा राज्य के झारसुगुडा से गांजा मंगाया करता था. किसी को शक न हो, इसके लिए गिट्टी लदे ट्रक की आड़ में वह धंधा किया करता था.

गौरतलब है कि गांजा-शराब की तस्करी के मामले आए दिन सामने आते हैं. अवैध कमाई का यह बड़ा स्रोत बन गया है. पुलिस की तमाम सक्रियता के बाद धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है.

No comments