सावन के झूला के बाद श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी में श्रीगणेश पूजन की तैयारी प्रारंभ, यहां लगता है विशाल मेला
Bihar News : Nawada : नवादा जिलांतर्गत वारिसलीगंज बाजार के जेपी चौक सब्जी मार्केट के फुलवारी गली मोड़ स्थित प्राचीन मनोकामनापूरण श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी का कुछ माह पूर्व हुए जीर्णोद्धार के बाद श्रीराम दरबार की नित्य हो रही पूजा-अर्चना से आस पास का वातावरण पूर्ण रूप से भक्तिमय हो गया है.
बताया जाता है कि यह एक निजी ठाकुरबाड़ी है. प्रतिदिन सुबह-शाम ब्राह्मण पुजारी चंडीपुर-मकनपुर ग्राम निवासी सुबोध पांडेय इस मंदिर में भगवान की पूजा, अर्चना, आरती, भोग, प्रार्थना आदि करते हैं. इसका खर्च मंदिर की जमीन में बनी कुछ दुकानों के किराया से चलता है. मंदिर की सारी प्रॉपर्टी की देखरेख और संचालन भूस्वामी के नातीगण करते हैं.
जीर्णोद्धार के समय धूमधाम से यज्ञ का आयोजन किया गया था. प्रत्येक वर्ष की तरह सावन माह में इस ठाकुरबाड़ी में भव्य झूला का श्रद्धालुओं ने आनंद उठाया. इसके साथ ही इस मंदिर में भादो माह में पूर्व की भांति श्रीजन्माष्टमी व श्रीगणेश भगवान की पूजा-अर्चना की तैयारी चल रही है. यहां गणेश पूजा के मौके पर भादो शुक्ल एकादशी को विशाल मेला लगता है जिसमें क्षेत्र के हजारों नर-नारी पूर्ण भक्ति भाव से भाग लेते हैं.
सूत्रों के अनुसार पहले उक्त श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी के पास कूड़े कचरे का अंबार लगा रहता था. परंतु अब सफाई के साथ ही नगर परिषद प्रशासन द्वारा स्ट्रीट लाइट लगाए जाने तथा मंदिर के कर्ता-धर्ता द्वारा नियमित देखभाल करने से इस स्थान की रौनक देखते ही बनती है.
मंदिर के पास फूल, प्रसाद आदि की बिक्री और भगवान की सुबह-शाम आरती-मंगल से श्रद्धालुओं में काफी खुशी देखी जा रही है. स्थानीय बुजुर्ग बताते हैं कि सच्चे हृदय से जो श्रद्धालु इस मंदिर में जो कुछ मांगता है, श्रीठाकुर जी उसकी सकल मनोरथ अवश्य पूर्ण करते हैं.


No comments