खेल के माध्यम से विद्यार्थियों में होता है आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का विकास - परमानंद, राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए विवेकानंद पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी चयनित
Bihar News : Nawada : विवेकानंद पब्लिक स्कूल, वारिसलीगंज के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया. यह प्रतियोगिता शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जिला खेल मैदान, हरिश्चंद्र स्टेडियम में आयोजित की गई जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया.
विद्यालय के खिलाड़ियों ने खेल के प्रति अपने जुनून, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर अनेक प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं. एथलेटिक्स में विद्यालय के खिलाड़ियों ने तेज़ी और सहनशक्ति का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 200 और 800 मीटर दौड़, कबड्डी, वॉलीबॉल, तायक्वोंडो, भाला फेंक, भारोत्तोलन, और गोला फेंक जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लिया.
200 मीटर दौड़ में रामप्रवेश कुमार ने प्रथम, 800 मीटर दौड़ में विनय कुमार ने द्वितीय, भाला फ़ेंक में चित्रान्शु ने द्वितीय, गोला फ़ेंक में दीपक कुमार ने तृतीय, तायक्वोंडो में प्रिंस कुमार ने प्रथम एवं भारोत्तोलन में सत्यम कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रौशन किया. वॉलीबॉल एवं 200 मीटर दौड़ के सभी प्रतिभागियों को राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए चनित किया गया.
विद्यालय के निदेशक शीतल कुमारी एवं प्राचार्य परमानंद ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि — “खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं. ये विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, और टीम भावना का विकास करते हैं.” उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया.
खेल शिक्षक हरेराम और पंकज कुमार के प्रयास एवं निरंतर अभ्यास, समर्पण और दृढ़ संकल्प सराहनीय रहा. विद्यालय परिवार इन्हें धन्यवाद देते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. बता दें कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी है.




No comments