Header Ads

Breaking News

ट्रेन चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से सेवानिवृत शिक्षक प्रदीप कुमार चौधरी का दोनों पैर कटा, इलाज के दौरान मौत

Bihar News : Nawada : पूर्व-मध्य रेलवे के किऊल - गया रेलखंड स्थित वारिसलीगंज स्टेशन पर गुरुवार की सुबह ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से स्थानीय बाजार के संगतपर मुहल्ला निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक 65 वर्षीय प्रदीप कुमार चौधरी गंभीर हादसे का शिकार हो गए. हादसे में उनके दोनों पैर कटकर अलग हो गए. घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई. वे स्वामी सहजानंद राजकीय मध्य विद्यालय, स्टेशन रोड, वारिसलीगंज के शिक्षक पद से कुछ वर्ष पूर्व सेवानिवृत हुए थे. 

स्टेशन पर तैनात जीआरपी जवान गुलशन कुमार ने तत्परता दिखाते हुए घायल प्रदीप कुमार चौधरी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, वारिसलीगंज पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी विम्स रेफर कर दिया. परिजनों के अनुसार, पावापुरी विम्स में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. बताया जाता है कि दिवंगत प्रदीप कुमार की पत्नी का छह माह पूर्व ही सड़क हादसे में मृत्यु हो गई थी. वे वारिसलीगंज नगर परिषद के उत्क्रमित मध्य विद्यालय नवाजगढ़ में शिक्षिका थीं.

प्रदीप कुमार चौधरी के असामयिक निधन पर शिक्षकों, विद्यार्थियों, शिक्षाप्रेमियो, शुभचिंतकों, जनप्रतिनिधियों, राजनैतिक व सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्रवासियों ने गहरा दुख प्रकट किया है.    

                                                -  चंद्रमौलि शर्मा.                      

No comments