Header Ads

Breaking News

लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार, आपत्तिजनक समान बरामद

Bihar News : Nawada : लोन दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ वारिसलीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 24 वर्षीय महिला साइबर अपराधी अंकिता कुमारी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया गया है.

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 13/14 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि में पुलिस अधीक्षक, नवादा के निर्देश पर की गई. वारिसलीगंज थाना के पु०नि० सह थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बल की टीम गठित कर कांड के वांछित एवं फरार अभियुक्तों के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया.

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 02/26 के फरार अभियुक्त के घर ग्राम बल्लोपुर में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस के हत्थे एक महिला साइबर अपराधी चढ़ गई. गिरफ्तार महिला की पहचान अंकिता कुमारी, उम्र 24 वर्ष, पिता शैलेन्द्र कुमार, ग्राम बल्लोपुर, थाना वारिसलीगंज, जिला नवादा के रूप में हुई है.

मुद्रा योजना और लोन के नाम पर बिछाते थे ठगी का जाल :

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने साइबर ठगी के तरीके का खुलासा किया. उसके अनुसार, साइबर अपराधी प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, विभिन्न कंपनियों और अलग-अलग प्रकार के लोन के नाम पर लोगों को ऑनलाइन ऋण दिलाने का झांसा देते थे. इसके लिए कस्टमर डाटा और फेसबुक से मोबाइल नंबर जुटाकर लोगों को फोन किया जाता था.

पीड़ितों को विश्वास में लेने के लिए कभी खुद को बैंक मैनेजर तो कभी बैंक का अन्य कर्मचारी बताया जाता था. जब कोई व्यक्ति उनके झांसे में आ जाता था, तो उससे लोन स्वीकृत कराने के नाम पर आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की फोटो कॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो और ई-मेल आईडी जैसी निजी जानकारी मांगी जाती थी. 

इसके बाद लोन की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर पीड़ित से प्रोसेसिंग फीस की मांग की जाती थी. पुलिस के अनुसार, इस तरीके से गिरोह द्वारा कई लोगों को अपना शिकार बनाया जा चुका है.

नए कांड में प्राथमिकी दर्ज :

मामले को लेकर वारिसलीगंज थाना में कांड संख्या 582/26, दिनांक 14.08.2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 66, 66बी, 66सी एवं 66डी के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है.

पुलिस ने गिरफ्तार महिला के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है। बरामद मोबाइल की जांच के आधार पर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

छापेमारी टीम में शामिल रहे पुलिस पदाधिकारी :

कार्रवाई में पु०नि० सह थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, पु०अ०नि० शशिकला सिन्हा, पु०अ०नि० सुशील कुमार, पु०अ०नि० रामकेश्वर उरांव तथा परि०पु०अ०नि० मनोज कुमार राय सहित वारिसलीगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे.

पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन लोन के नाम पर ठगी करने वाले साइबर गिरोह में हड़कंप मचा है. पुलिस अब गिरफ्तार महिला से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी है.

                                                - चंद्रमौलि शर्मा.













No comments