Header Ads

Breaking News

JEE Public School में आयोजित राखी निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने किया हस्तकौशल व रचनात्मकता का बेजोड़ प्रदर्शन

Bihar News : Nawada : नवादा जिलांतर्गत वारिसलीगंज नगर परिषद के माफी गली स्थित JEE Public School में शनिवार को छात्र-छात्राओं के बीच राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा, कल्पनाशक्ति एवं हस्तकौशल को विकसित करना था. कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला.

प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रंग-बिरंगे धागों, मोतियों, रिबन, सजावटी सामग्रियों सहित विभिन्न वस्तुओं का उपयोग कर आकर्षक एवं मनमोहक राखियां तैयार कीं. बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति का परिचय देते हुए पारंपरिक राखियों के साथ-साथ कई आकर्षक एवं अनूठे डिजाइन भी बनाए. विद्यालय परिसर में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था. विद्यार्थियों ने अपनी कला और हुनर के माध्यम से भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और पवित्र रिश्ते को खूबसूरत रूप देने का प्रयास किया.

विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों में छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ उनके अंदर आत्मविश्वास, एकाग्रता, सृजनात्मक सोच और कलात्मक कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है.

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन एवं सहयोगी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. विद्यालय प्रबंधक मोती कुमार गुप्ता के साथ अन्य सहयोगी सम्मानित सदस्य राधेश्याम, विवेक कुमार एवं डॉ. हरे राम  ने प्रतियोगिता में बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई आकर्षक एवं रचनात्मक राखियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की. उन्होंने बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों की रचनात्मक क्षमता को नई दिशा मिलती है और उनमें आत्मविश्वास का विकास होता है.

मौके पर हर्षित कुमार, अमित कुमार, आम्रपाली अग्रवाल, सौरभ कुमार, गौरव कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया.

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

                                            - चंद्रमौलि शर्मा.

No comments