Header Ads

Breaking News

विवेकानन्द पब्लिक स्कूल में आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने किया अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन

Bihar News : Nawada : नवादा जिले के विवेकानन्द पब्लिक स्कूल, वारिसलीगंज में शनिवार को विद्यार्थियों की रचनात्मकता, लेखन-कौशल एवं अभिव्यक्ति क्षमता को निखारने के उद्देश्य से निबंध लेखन प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं की छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.

प्रतियोगिता को विद्यार्थियों की कक्षा एवं आयु के अनुरूप चार समूहों में विभाजित किया गया था. कक्षा I से II के विद्यार्थियों के लिए “पेड़ हमारे मित्र हैं”, कक्षा III से V के लिए “पुस्तकें पढ़ने का महत्व”, कक्षा VI से VIII के लिए “शिक्षा में प्रौद्योगिकी की भूमिका” तथा कक्षा IX से X के विद्यार्थियों के लिए “कृत्रिम बुद्धिमत्ता: वरदान या अभिशाप?” विषय निर्धारित किए गए थे.

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर अपने विचारों को रचनात्मक, तार्किक एवं प्रभावशाली तरीके से कागज पर उतारा. खासकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता, तकनीकी शिक्षा, पुस्तकों के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने अपनी सोच और समझ का परिचय दिया.

विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में लेखन क्षमता, कल्पनाशक्ति, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया गया.

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. कार्यक्रम को लेकर विद्यालय के विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया.

                                         - चंद्रमौलि शर्मा.

                                          

No comments