Header Ads

Breaking News

अज्ञात नाबालिग लड़की की हत्या का हुआ खुलासा, वैशाली जिले के हाजीपुर की थी निवासी, पिता ने की शव की पहचान, नवादा में हुआ अंतिम संस्कार

Nawada जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में एक लड़की की ईंट पत्थर से कूचकर की गई हत्या का खुलासा हो गया है. मृतका नाबालिग थी. वह वैशाली जिले के हाजीपुर की रहने वाली थी. पिता द्वारा मंगलवार को शव की पहचान के बाद शव को पुलिस ने परिजनों को सुपुर्द कर दिया. नवादा में ही खुरी नदी के तट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया.

किउल - गया रेलखंड पर बाघीबरडीहा स्टेशन परिसर के एक जर्जर कमरे में सोमवार की सुबह एक किशोरी का शव पाया गया था. पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की बात मान अनुसंधान कर रही थी. इस बीच मंगलवार की सुबह पता चला कि हाजीपुर की एक लड़की मिसिंग है. 

पिता द्वारा वहां के थाना को बेटी के अगवा किए जाने की शिकायत दर्ज की गई थी. पुलिस मामले की जांच करती कि नवादा में एक अज्ञात युवती का शव पाए जाने की सूचना पिता को मिली. जिसके बाद पिता ने वहां के पुलिस से संपर्क किया. तस्वीर से पहचान के बाद पिता नवादा पहुंचे. सदर अस्पताल, नवादा में बेटी के शव की पहचान की. जिसके बाद पुलिस ने औपचारिक रूप से शव पिता को सौंपी दिया.

वारिसलीगंज थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रूपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि मृतका नाबालिग थी. उसके अपहरण के आरोपित की तलाश की जा रही है. वैसे जो सूचना है उसके मुताबिक लखीसराय के एक युवक पर लड़की के अपहरण का आरोप है. पुलिस इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं कर रही है. शव की पहचान होने के बाद नवादा पुलिस ने राहत की सांस ली है तथा आरोपित की धर पकड़ के लिए प्रयास तेज कर दी है.

                                        - चंद्रमौलि शर्मा.

No comments