Cyber Police ने अपसढ तथा भवानी बिगहा गांव के बगीचा में छापेमारी कर ठगी के धंधे में लिप्त 11 साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार, कई लैपटॉप, दर्जनों एंड्रॉयड मोबाइल तथा कस्टमर डाटा बरामद
बैंक से कर्ज दिलाने के नाम पर ठगी करनेवाले 11 Cyber criminals को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इन अपराधियों से साइबर पुलिस पूछताछ कर रही है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से लैपटॉप, दर्जनों मोबाइल, कई पन्नों का कस्टमर डाटा बरामद किया गया है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के अपसढ़ तथा भवानी बिगहा गांव के बगीचे से करीब 20-25 की संख्या में बैठे साइबर अपराधी धनी फाइनेंस प्राइवेट कंपनी सहित विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से सस्ते दर पर लोन दिलाने की नाम पर ठगी कर रहे थे.
सूचना पर SP अम्बरीष राहुल के निर्देश पर साइबर पुलिस DSP प्रिया ज्योति के नेतृत्व में SIT गठित कर साइबर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की गयी. एसआइटी की सूचना पर बगीचे की घेराबंदी कर साइबर अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया गया. पुलिस को देख वे भागने लगे. इनमें से पुलिस ने खदेड़कर लगभग 11 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. मौके पाकर कुछ साइबर अपराधी फरार हो गये.
गिरफ्तार अपराधियों के पास कई लैपटॉप, दर्जनों एंड्राॅयड मोबाइल तथा कई पन्नों की कस्टमर डाटा बरामद की गयी है. ऐसे साइबर पुलिस उपाधीक्षक प्रिया ज्योति फिलहाल कुछ बताने से परहेज कर रही है. साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के अलावा बरामद कस्टमर डाटा तथा बरामद सामान से डाटा इकठ्ठा किया जा रहा है.
बता दें कि वारिसलीगंज, काशीचक, शाहपुर, पकरीबरावां तथा नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र के कई गांव में साइबर अपराधियों की दुकान गांव के बाहर बगीचे में सजती है. इसमें बैंक संबंधित विभिन्न तरह की जानकारी के साथ ही बजाज फाइनेंस, धनी फाइनेंस जैसे प्राइवेट कंपनी से सस्ते दर पर लोन दिलाने के नाम पर भोले-भाले लोगो को ठगी की शिकार बनाते हैं.
साइबर अपराधियों की चकाचौंध में नाबालिग लड़के दिन प्रतिदिन फंसते जा रहे हैं. ऐसे मौके पर पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी की जाती है. लेकिन साइबर अपराधी अपना काम छोड़ने की बजाय इस गोरखधंधे की मकड़जाल को बढ़ाते चले जाते है. इसके कारण वारिसलीगंज का इलाका झारखंड का जामताड़ा को भी पीछे छोड़ दिया है. सरकार तथा प्रशासनिक स्तर से साइबर अपराधियों पर कठोर कार्रवाई कर जड़ से समाप्त करने की आज समय की मांग है.

No comments