Header Ads

Breaking News

“वीर गाथा प्रोजेक्ट 5.0” विद्यार्थियों में जगाती है समाज एवं राष्ट्र के लिए कुछ कर गुजरने की भावना - परमानंद

Bihar News : Nawada : नवादा जिले के वारिसलीगंज मेन रोड स्थित विवेकानन्द पब्लिक स्कूल में  शनिवार को CBSE के निर्देश पर ‘वीर गाथा प्रोजेक्ट 5.0’ का आयोजन किया गया जिसमे विद्यार्थियों ने देश के वीर सपूतों के साहस, त्याग और बलिदान को नमन किया.

यह प्रोजेक्ट रक्षा मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आरंभ किया गया एक प्रेरणादायक राष्ट्रीय अभियान है. इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गैलेंट्री अवार्ड विजेताओं (Gallantry Award Winners) की वास्तविक कहानियों से अवगत कराना, उनमें देशभक्ति की भावना, साहस, सेवा भावना और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को गहराई से स्थापित करना है.

कार्यक्रम के तहत विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया. निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वीर सपूतों की गाथाओं पर अपने विचार व्यक्त किए. चित्रकला एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में बच्चों ने सशस्त्र बलों के पराक्रम को रंगों के माध्यम से उकेरा. कविता पाठ और कहानी वाचन के दौरान विद्यार्थियों ने परमवीर चक्र एवं अशोक चक्र से सम्मानित वीरों के जीवन प्रसंगों को अत्यंत भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया.

विद्यालय के गलियारों, कक्षाओं और प्रांगण को विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए प्रेरणादायक उद्धरणों, चित्रों और वीर गाथाओं के पोस्टरों से सजाया गया. इससे पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया. विद्यालय के शिक्षक सीताराम कुमार,राजेश कुमार, नीलू कुमारी, जूही कुमारी, बबिता कुमारी ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की. 

प्रत्येक गतिविधि के लिए निर्णायक मंडल बनाया गया और श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया गया. चयनित श्रेष्ठ प्रविष्टियाँ सीबीएसई के दिशा-निर्देशों के अनुसार वीर गाथा पोर्टल पर अपलोड की गईं, जिससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला.

विद्यालय के निदेशक शीतल कुमार एवं प्राचार्य परमानन्द ने कहा कि “वीर गाथा प्रोजेक्ट जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में न केवल देशभक्ति की भावना को जागृत करते हैं, बल्कि उन्हें वीरों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के लिए कुछ कर गुजरने की भावना भी देते हैं. नई पीढ़ी को इन शौर्यगाथाओं को आत्मसात कर देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए.”

राशी कुमारी, आरव अग्रवाल, न्याषा पुष्कर, माही कुमारी वर्ग-6, प्रीतम कुमार वर्ग-8, स्मृति सिन्हा वर्ग-3, अम्बिका राज वर्ग-5, दिव्या कुमारी, सेना कुमारी, मधु प्रिया वर्ग-5, एवं विक्रम कुमार वर्ग-9 का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा.

                                                  - चंद्रमौलि शर्मा.

No comments