Bihar News : Nawada : भारत की 80 वें स्वाधीनता दिवस 15 अगस्त 2026 के आगमन के उपलक्ष्य में सीबीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त संत जॉन्स पब्लिक स्कूल, वारिसलीगंज, नवादा में मंगलवार को एक रंगा रंग फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत करना और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना था.
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य ने किया. कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रूप धारण कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. किसी ने 'स्वतंत्रता सेनानी' जैसे भगत सिंह, रानी लक्ष्मीबाई और सुभाष चंद्र बोस का वेश धरकर आजादी के संघर्ष की याद दिलाई, तो किसी ने 'विविधता में एकता' को दर्शाते हुए अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक वेशभूषा प्रदर्शित की.
वहीं, कुछ बच्चों ने 'पर्यावरण संरक्षण' और 'स्वच्छ भारत' जैसे सामाजिक संदेशों पर आधारित पात्रों का अभिनय कर सबका मन मोह लिया. विद्यालय के प्राचार्य ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि, "ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें हमारे महान इतिहास से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम हैं."
प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किए जाने की योजना है. साथ ही, सभी सराहनीय कार्य करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा. मौके पर स्कूल के शिक्षक, शिक्षिकाएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे.
- चंद्रमौलि शर्मा.
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में संत जॉन्स पब्लिक स्कूल के नन्हे बच्चों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
Reviewed by News today 365
on
August 11, 2026
Rating: 5
No comments