Bihar News Nawada : नवादा जिले के विवेकानंद पब्लिक स्कूल, वारिसलीगंज में 29 एवं 30 अगस्त 2026 को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सीबीएसई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, पटना द्वारा दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विषय “ किशोर शिक्षा कार्यक्रम” Adolescent Education Programme था.
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विवेकानंद पब्लिक स्कूल, वारिसलीगंज एवं दीक्षा स्कूल, नवादा की शिक्षक - शिक्षिकाओं ने भाग लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में संसाधन व्यक्तियों (Resource Person) एवं विद्यालय के प्राचार्य परमानंद द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया.
कार्यक्रम में संसाधन व्यक्ति (Resource Person) श्री रवि शंकर (RP007054) एवं मणिकांत मिश्रा (RP010156) ने किशोरावस्था से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर शिक्षकों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया. प्रशिक्षण के दौरान मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल, सकारात्मक व्यवहार, सूचित एवं सही निर्णय लेने की क्षमता तथा किशोरों के उज्ज्वल भविष्य जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
दो दिवसीय कार्यक्रम में शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने विभिन्न गतिविधियों, समूह-चर्चाओं एवं संवादात्मक सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लिया. प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को किशोर विद्यार्थियों की भावनात्मक, सामाजिक एवं व्यवहारिक आवश्यकताओं को समझने तथा उन्हें उचित मार्गदर्शन देने के लिए आवश्यक जानकारी एवं कौशल प्रदान किया गया.
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री परमानंद सिंह ने दोनों संसाधन व्यक्तियों तथा सीबीएसई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, पटना के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की कार्यक्षमता एवं समझ को बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र एवं संतुलित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
दो दिनों तक चले इस ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रम का 30 अगस्त 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ. कार्यक्रम से प्रतिभागी शिक्षकों को किशोर विद्यार्थियों की बेहतर समझ विकसित करने और उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन देने के लिए महत्वपूर्ण अनुभव एवं ज्ञान प्राप्त हुआ.
- चंद्रमौलि शर्मा.
विवेकानंद पब्लिक स्कूल, वारिसलीगंज में दो दिवसीय सीबीएसई क्षमता निर्माण कार्यक्रम संपन्न
Reviewed by News today 365
on
August 30, 2026
Rating: 5
No comments