Header Ads

Breaking News

नवादा जिला पत्रकार संगठन का 7 वाँ द्विवार्षिक जिला अधिवेशन सह जिला कार्यकारिणी गठन शांतिपूर्वक संपन्न, अरविंद कुमार रवि को जिलाध्यक्ष, रविंद्र पांडेय को सचिव तथा आशुतोष कुमार को मिला कोषाध्यक्ष का जिम्मा


Vivekanand Public School, वारिसलीगंज में रविवार को  Nawada जिला पत्रकार संगठन का 7 वां द्विवार्षिक जिला अधिवेशन सह जिला कार्यकारिणी गठन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया.

सर्वप्रथम सभी अतिथियों को फूल माला, पुष्प गुच्छ तथा अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया. विवेकानन्द पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत गाकर सबों को मंत्र मुग्ध कर दिया. तत्पश्चात दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया.

कार्यक्रम दो सत्र में आयोजित किया गया. प्रथम सत्र में "आज के दौर में पत्रकारिता की जोखिम एवम चुनौती" विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया. इसकी अध्यक्षता बरिष्ठ साहित्यकार सह पत्रकार रामरतन प्रसाद सिंह 'रत्नाकर' ने किया. जबकि मंच संचालन हिंदुस्तान के जिला संवाददाता सह नवादा जिला पत्रकार संगठन के जिला संयोजक राजेश 'मंझवेकर' ने किया. विषय प्रवेश तथा स्वागत भाषण संगठन के निवर्तमान वरीय जिला उपाध्यक्ष सह दैनिक जागरण पत्रकार अशोक कुमार द्वारा किया गया.

अपने अध्यक्षीय भाषण में रामरतन प्रसाद सिंह "रत्नाकर" ने कहा कि आज के दौर में निष्पक्ष पत्रकारिता जोखिम एवम चुनौतीपूर्ण हो गई है. कलम के जादूगरों को निर्भीकता पूर्वक काम करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्हें पाने को कुछ नहीं और खोने के लिए सब कुछ है. उन्होंने बिना उलझे स्वविवेक से बिना लोभ और भय के सकारात्मक पत्रकारिता करने की सलाह दी. उन्होंने पत्रकारिता के पिछले स्वर्णिम दिनों की याद करते हुए कई संस्मरण भी सुनाए.

वरिष्ठ पत्रकार रविंद्रनाथ भैया ने आए दिन पत्रकारों को पुलिस द्वारा प्रताड़ित किए जाने का मामला उठाया. उन्होंने पत्रकारों को संगठित होकर अपनी अस्मिता की रक्षा का आह्वान किया. मगध की आवाज साप्ताहिक के संपादक राजेंद्र कुमार पांडेय ने पत्रकारों को हर परिस्थिति में मदद का भरोसा दिया.

पुलिस निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार तथा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रूपेश कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में पत्रकारों के मान सम्मान तथा सहयोग का वादा किया. जबकि प्रखण्ड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार ने पत्रकारों को खुद चुनौतियों का मुकाबला करने तथा समाचार पत्रों के लिए बाजार बनाने का सुझाव दिया.

शिक्षाविद डा. गोविंद जी तिवारी ने जिले के पत्रकारों के क्रियाकलापों की सराहना की. Hero Motocorp संचालक मंटू कुमार ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए इसकी मजबूती पर बल दिया. JPS ITI (P) निदेशक सह मुखिया राजकुमार सिंह ने पत्रकारों के मनोबल को बढ़ाते हुए उनका साथ देने का भरोसा दिया. विधायक प्रतिनिधि शैलेंद्र सिंह ने सकारात्मक पत्रकारिता के साथ नए पत्रकारों को प्रशिक्षण देने की सलाह दी.

शान्ति मेहता किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप, शेरपुर मोड़ संचालक अरुंजय मेहता ने कार्यक्रम में आमंत्रित तथा सम्मानित किए जाने पर खुशी जताई. नप के वार्ड पार्षद रामपदारथ सिंह ने पत्रकारों की दशा दिशा पर चिंता जाहिर की. विवेकानन्द पब्लिक स्कूल के शिक्षक सतीश कुमार, सीताराम एवं हरेराम ने निष्पक्ष पत्रकारिता पर जोर दिया.

तत्पश्चात द्वितीय सत्र में सांगठनिक चुनाव पर विस्तृत चर्चा हुई. प्रखंड के चयनित प्रखंड प्रतिनिधियों ने आपस में विचार विमर्श कर जिलाध्यक्ष, सचिव तथा कोषाध्यक्ष का सर्वसम्मति से चयन कर लिया. जिसमें नवादा जिला पत्रकार संगठन के निवर्तमान जिला अध्यक्ष सह हिंदुस्तान के जिला संवाददाता अरविंद कुमार 'रवि' को पुनः अध्यक्ष, निवर्तमान जिला सचिव रविंद्र पांडेय को सचिव तथा निवर्तमान जिला कोषाध्यक्ष आशुतोष कुमार का कोषाध्यक्ष के पद पर चयन किया गया. नव चयनित पदाधिकारियों को फूल माला, अंग वस्त्र तथा पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम में उपस्थित "स्वत्व" पत्रिका के नवादा जिला ब्यूरो प्रमुख चंद्रमौलि शर्मा ने संगठन की सफलता के सूत्र बताते हुए सबों को एक सूत्र में बंधकर काम करने का सुझाव दिया. मौके पर पत्रकार अभय कुमार, रणधीर कुमार, अशोक राय, सतीश कुमार, अनिल कुमार आदि ने संगठन की मजबूती पर बल दिया.

भीषण गर्मी भी कार्यक्रम में उपस्थित सैंकड़ों पत्रकारों के हौसले को डिगा नहीं सका. इसके बाद सबों ने सामूहिक रूप से लजीज नाश्ता तथा भोजन का आनंद उठाया. कार्यक्रम को सफल बनाने में वारिसलीगंज प्रखंड के पत्रकारों की सक्रिय भूमिका रही.



                                - चंद्रमौली शर्मा.



 

No comments