विवेकानंद पब्लिक स्कूल में द्वितीय CBSE Expression Series का सफल आयोजन
Bihar News : Nawada : जिले के वारिसलीगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित विवेकानंद पब्लिक स्कूल में CBSE के निर्देशानुसार शुक्रवार को द्वितीय CBSE Expression Series सत्र 2025–26 का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया. इसमें वर्ग तृतीय से बारहवीं तक के कुल 130 विद्यार्थियों ने भाग लिया. मौके पर उपस्थित विद्यालय के प्राचार्य परमानन्द ने इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल तथा साहित्यिक क्षमता को बढ़ावा देना बताया.
कार्यक्रम की सुगमता के लिए प्रतिभागियों को तीन समूह प्रारंभिक, मध्य एवं सेकेंडरी चरणों में बांटा गया. प्रारंभिक चरण में वर्ग तीन से पांच तक के बच्चों को रखा गया जिन्हें “मेरा गाँव, मेरी शान” विषय पर निबंध लिखने दिया गया. वहीँ, मध्य चरण में वर्ग छः से आठ तक के बच्चों को रखा गया. इन्हें “खेतों से थाली तक भोजन का सफ़र” विषय पर लिखने दिया गया. जबकि सेकेंडरी चरण में वर्ग नौ से बारहवीं तक के बच्चों को रखा गया. इन्हें “सतत कृषि : विकास और प्रकृति के बीच संतुलन” और “ग्रामीण विकास में युवाओं की भूमिका” विषय पर लिखने दिया गया.
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने निबंध, कविता और अनुच्छेद लेखन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया. विद्यार्थियों ने दिए गए विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता एवं विचारों को बेहतरीन ढंग से प्रस्तुत किया. उनकी प्रविष्टियों में सामाजिक जागरूकता, देशप्रेम और नवाचार से जुड़े विचार स्पष्ट रूप से दिखाई दिए.
कार्यक्रम का संचालन CBSE दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया. शिक्षकगणों ने सभी गतिविधियों को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न करवाया. प्रतियोगिता के बाद श्रेष्ठ प्रविष्टियों का चयन किया गया, जिन्हें CBSE Expression Series पोर्टल पर अपलोड किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक सीताराम कुमार, राजेश कुमार, नीलू कुमारी, सुनीता कुमारी एवं अन्य ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई.



No comments