आजादी के अमर चितेरे ज्वाला बाबू की 45 वीं पुण्यतिथि पर गरीबों के बीच बांटे गए कम्बल, प्रतियोगिता में सफल विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
Bihar News : Nawada : जिले के वारिसलीगंज बाई पास रोड स्थित ज्वाला प्रसाद सिंह एडुकेशनल ट्रस्ट द्वारा संचालित JPS ITI में बुधवार को आज़ादी के अमर चितेरे ज्वाला प्रसाद सिंह की 45 वीं पुण्यतिथि समारोह पूर्वक धूमधाम से मनाई गई.
सर्वप्रथम अपसढ़ गांव के नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन परिसर स्थित ज्वाला बाबू की निर्माणाधीन प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई. तत्पश्चात JPS ITI परिसर में स्थापित प्रखर स्वतंत्रता सेनानी ज्वाला बाबू की प्रतिमा पर सैंकड़ो सामाजिक तथा राजनैतिक कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए JDU के मुख्य प्रवक्ता MLC नीरज कुमार ने कहा कि वारिसलीगंज में जमींदारों का बोलबाला था. जमींदारी प्रथा के कट्टर खिलाफ ज्वाला बाबू ने राष्ट्र के प्रति काफी समर्पित होकर कार्य किया.
यूं तो वारिसलीगंज क्षेत्र में स्वतंत्रता संग्राम में करीब साढ़े चार दर्जन सेनानी हुए थे. उन्हीं में से एक थे अपसढ़ के ज्वाला प्रसाद सिंह, जिन्होंने सक्रिय भूमिका निभाकर देश को आजादी दिलाने में अपना अहम योगदान दिया था. नाम के अनुरूप गुण वाले ज्वाला बाबू सही मायने में आजादी के दीवाने थे. अंग्रेज और जमींदारों से लोहा लेने के लिए हर वक्त तत्पर रहते थे.
एक घटना का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपनी नवविवाहित पत्नी को पहली बार ससुराल गया जी जिले के शेरघाटी से विदाई करा लौट रहे थे. तभी लोकनायक जयप्रकाश नारायण का संदेश उन्हें मिला. सूचना मिलते ही बिना देर किए वारिसलीगंज रेलवे स्टेशन पर अपने बराहिल के साथ पत्नी को घर भेज खुद आंदोलन का नेतृत्व करने जमुई जिले के महना में जमींदार की कचहरी जलाने चले गए. महना पहुंचकर साम्बे स्टेट की कचहरी में आग लगाई थी. बाद में अपसढ़ पंचायत के मुखिया निर्वाचित हुए.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पटना स्नातक क्षेत्र के विधान पार्षद नीरज कुमार तथा पूर्व विधायक अरुणा देवी ने कार्यक्रम के आयोजन को लेकर स्वतंत्रता सेनानी पुत्र मुखिया राजकुमार सिंह तथा पौत्र कनीय अभियंता निरंजन कुमार को बधाई दी.
सेनानी के पुत्र मुखिया राजकुमार सिंह, पौत्र ई.निरंजन कुमार, काशीचक के पूर्व जिला पार्षद अखिलेश सिंह, जिप सदस्य अंजनी कुमार तथा पूर्व विधायक अरुणा देवी की उपस्थिति में करीब पांच सौ गरीब महिला-पुरुषों के बीच कंबल वितरित किया गया.
विधान पार्षद ने CM नीतीश सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को गिनाते हुए सरकार के भविष्य की योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी दी. समारोह की अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष मुकेश विद्यार्थी ने की. जबकि संचालन शेखपुरा जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रवि कुमार ने किया.
मौके पर जदयू जिला महासचिव अधिवक्ता चंद्रमौलि शर्मा, BDO अमित कुमार, CHC प्रभारी डा. कुमारी आरती अर्चना, नप उपाध्यक्ष अरुण प्रसाद, नप प्रबंधक, पैक्स अध्यक्ष सुंदर प्रसाद कुशवाहा, अजय कुमार तिवारी, शैलेंद्र सिंह, संजीव कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित होकर स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित की.









No comments