Header Ads

Breaking News

विवेकानंद पब्लिक स्कूल में भव्य रूप से मनाया गया सिल्वर जुबली समारोह

Bihar News : नवादा जिले के वारिसलीगंज नगर परिषद मुख्यालय के सुप्रसिद्ध शैक्षणिक संस्थान विवेकानंद पब्लिक स्कूल में शनिवार की शाम विद्यालय की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सिल्वर जुबली समारोह अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया.

इस ऐतिहासिक अवसर पर विद्यालय प्रांगण को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे संपूर्ण वातावरण उत्सवमय हो गया. समारोह का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक शीतल, प्राचार्य, प्रबंध समिति के सदस्य, विशिष्ट अतिथि, शिक्षकगण, अभिभावक, वर्तमान छात्र एवं बड़ी संख्या में पूर्व छात्र (एलुमनी) उपस्थित रहे.

अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य परमानंद ने विद्यालय की स्थापना से लेकर आज तक की 25 वर्षों की शैक्षिक यात्रा, उपलब्धियों एवं विकास पर प्रकाश डाला. निदेशक शीतल कुमारी ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि विद्यालय ने सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों को सर्वोपरि रखा है. उन्होंने विद्यालय की प्रगति में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों एवं छात्रों का हृदय से आभार व्यक्त किया.

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रमों में समूह नृत्य, लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, एकल नृत्य, नाट्य प्रस्तुति एवं थीम डांस शामिल रहे. विद्यार्थियों की कला, आत्मविश्वास एवं मंच संचालन की सभी ने भूरी-भूरी प्रशंसा की.


सिल्वर जुबली समारोह के अंतर्गत विद्यालय के पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है. साथ ही, सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मठ शिक्षकों को भी उनके समर्पण एवं योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया. स्थानीय प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक तथा सोशल मीडिया से जुड़े मीडियाकर्मियों को भी सम्मानित किया गया.



कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया. यह सिल्वर जुबली समारोह न केवल उत्सव का अवसर था, बल्कि विद्यालय की गौरवशाली परंपरा, उपलब्धियों एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ते कदमों का प्रतीक भी बना.





                     - चंद्रमौलि शर्मा.


        



                            

No comments