सरकार की योजनाओं के साथ जनहित को दें प्राथमिकता : MLA अनीता, बीस सूत्री की बैठक में जनसमस्याओं पर हुई नोंक - झोंक
Bihar News : Nawada : नवादा जिले के वारिसलीगंज प्रखंड बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक नवनिर्मित प्रखंड कार्यालय में सोमवार को आयोजित की गई. बैठक में जनसमस्याओं को लेकर तीखी बहस देखने को मिली. सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई, बैठकों से अधिकारियों की गैरहाज़िरी और योजनाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे. बैठक में साफ संदेश दिया गया कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
समिति अध्यक्ष सुमन कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन उपाध्यक्ष अजय कुमार राय एवं सचिव सह BDO मृत्युंजय कुमार ने किया. गत बैठक के निर्णयों की समीक्षा के दौरान कई विभागीय अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे जनहित के प्रति उदासीनता करार दिया.
बैठक में MLA अनीता कुमारी ने दो टूक कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को हल्के में लेने की प्रवृत्ति पर रोक लगनी चाहिए. उन्होंने कहा, “यह चेतावनी नहीं है, लेकिन उम्मीद जरूर है कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर ईमानदारी से काम करें। योजनाएं कागज़ों में नहीं, जमीन पर दिखनी चाहिए.”
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, नल-जल योजना, मनरेगा समेत वारिसलीगंज बाजार में लगने वाले लगातार जाम को लेकर सदस्यों ने नाराज़गी जताई. बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर ठोस कार्ययोजना की मांग की गई.
मकनपुर गांव में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में हो रही देरी को लेकर संबंधित विभाग से जवाब-तलब किया गया. साथ ही, अन्य पंचायतों में बन रहे पंचायत सरकार भवनों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की गई. सात निश्चय योजना के तहत नल-जल आपूर्ति को लेकर सवाल उठे कि आखिर कितने गांव और वार्डों में वास्तविक रूप से शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है ? प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड कार्यालय भवन के तैयार होने के बावजूद अब तक विधिवत चालू नहीं होने पर भी सदस्यों ने नाराज़गी जताई.
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संदेह :
ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माणाधीन संपर्क पथ, पुल-पुलिया की गुणवत्ता में कमी की शिकायतें सामने आईं. सदस्यों ने स्पष्ट मांग की कि इन कार्यों की तकनीकी जांच कराई जाए. धान अधिप्राप्ति में किसानों को हो रही परेशानियों पर भी गंभीर चर्चा हुई और समस्या के त्वरित समाधान की मांग रखी गई.
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर सख्त रुख :
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, वारिसलीगंज में प्रसूताओं को दी जा रही पोषाहार सामग्री की एक्सपायरी डेट समाप्त होने का मामला सामने आते ही बैठक का माहौल गरमा गया. स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर विधायक ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यह गंभीर लापरवाही है और ऐसे मामलों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अब जवाबदेही तय होगी.
बैठक में स्ट्रीट लाइट, मनरेगा कार्यों और विभिन्न पंचायतों में चल रही योजनाओं की समीक्षा के साथ यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि लोक कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए. जनसमस्याओं की अनदेखी करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी.
मौके पर बीस सूत्री सदस्य रणविजय कुमार, प्रियरंजन श्रीनिवास, श्रीकांत कुमार, नवीन कुमार, मिथलेश पासवान, मीरा कुमारी, चंदन कुमार, श्रवण पांडेय सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद थे.
- चंद्रमौलि शर्मा.



No comments