Header Ads

Breaking News

विवेकानंद पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

Bihar News : Nawada : जिले के विवेकानंद पब्लिक स्कूल, वारिसलीगंज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म एवं बाल लीलाओं का मनमोहक मंचन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने श्रीकृष्ण जन्म की लीला, माखन चोरी, राधा-कृष्ण प्रसंग सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं. बच्चों ने एक से बढ़कर एक नृत्य एवं नाटक प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिया. उनकी आकर्षक वेशभूषा, भावपूर्ण अभिनय और शानदार नृत्य ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया.

कृष्ण की भूमिका में अनुराग कश्यप (कक्षा-5) एवं स्मृति कुमारी (कक्षा-4) ने शानदार अभिनय किया. राधा की भूमिका में अनिका सिंह एवं सुभानी कुमारी (कक्षा-4 एवं 5) ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया. वहीं, माता यशोदा की भूमिका में कुमारी वैष्णवी तथा नंद बाबा की भूमिका में अंबिका कुमारी (कक्षा-6) ने प्रभावशाली अभिनय किया.

वासुदेव की भूमिका में मनीष कुमारी एवं देवकी की भूमिका में लवली कुमारी (कक्षा-5) ने अपनी भूमिकाओं को बखूबी निभाया. कंस की भूमिका में प्रिंस कुमार (कक्षा-4) ने दमदार अभिनय प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी. कार्यक्रम का निर्देशन विद्यालय के संगीत शिक्षक श्री सुबोध कुमार ने किया. उनके मार्गदर्शन में बच्चों ने शानदार तैयारी के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.

विद्यालय के प्राचार्य श्री परमानंद ने बच्चों की आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पैदा करते हैं. उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए विद्यार्थियों एवं संगीत शिक्षक सुबोध कुमार को बधाई दी.

                                               - चंद्रमौलि शर्मा.

No comments